Friday, December 7, 2012

यादों का तकिया

कल बड़ी गहरी नींद आयी 
दर्द का बिस्तर लगाया .. बेचैनी की चादर ओढ़ी 
सिरहाने तेरी यादो का तकिया लगाया 
तेरे झूठे वादों को गुड नाईट कहा ...और सो गया 
सुबह उठा तो पकड़ा गया ..
तेरी बड़ी बड़ी आंखें ..रात भर रोती रहीं 
रात भर भीगता रहा .. तेरी यादों का तकिया !!!

रिश्तो की अलमारी




कल रिश्तो की एक पुरानी अलमारी खोली ..
ढेर सारे जख्म गिर पड़े ..
कुछ को देख कर मैं हँसा ..
कुछ मुझपे हस पड़े ..
एक जख्म दौड़ता हुआ आया ..और गले लग लिया ..
बोला कुछ नहीं ..बस रो भर दिया ..
सबसे गहराई में छुपा था ..शायद इसलिए
या कभी सबसे करीब था ..शायद इसलिए !!!

ख्वाब





कल रात बिजली चली गयी ..
मैं दियासलाई जलाये.. रात भर चाँद ढूँढता रहा
एक तारा हाथ लगा ..जलता रहा..बुझता रहा
मैं ढंग से पढ़ न सका..जगा रहा ..सो न सका..
सुना है कल जिंदगी के इम्तिहान में.. ख्वाब पूछे जायेंगे
अधूरे से याद हैं मुझे..लगता है .. अधूरे ही लिखे जायेंगे !!!

तेरा शहर



सोचता हु तेरा शहर ही छोड़ दू ..

रखा ही क्या है.. तेरे शहर में

चंद दम तोड़ती यादो और खामोश सिसकियो के सिवा

चंद रुस्वाइयो और समंदर की पुरवाइयो के सिवा

चंद आंसू और सूखे हुए सावन के सिवा

चंद बातो और खयालो के सिवा

कुछ पुराने बस टिकेट ,टिशू पेपर

कुछ उदास फूल ,कुछ खाली परफ्युम्म बोतल

कुछ तेरे लिखे ख़त भी थे ..

उनमें कुछ गुम्म हैं ....२० में पूरे 6 कम हैं

कुछ किताब के पीले पड़ते पन्नो में.. घुल गए ..

कुछ रात भर टपकते आंसू में.. धुल गए

कुछ छुपा के रखने के चक्कर में

कहाँ रखे  .. कुछ याद नहीं

कुछ मेरे लिखे ख़त भी थे ...

जो जल्दबाजी में भेजना भूल गया ...और कोई बात नहीं ..

कुछ आधी जली मोमबत्तियां हैं..जो दीवाली के बुझे हुए दियो के साथ.. बालकनी में रहती हैं

कुछ गुलाल के छींटे हैं ..जो छीना झपटी में दीवार पे लग गए थे

रसोई में दरवाजे के पीछे.. तुम्हारा नाम भी है

तुम्ही चम्मच से खुरच के ..मेरे नाम के साथ लिख गए थे

एक शौपिंग का बिल भी है

जिसमें मेरी टाई और तुमारे दस्तखत हैं

एक ट्रे भी है और उससे मैचिंग कुछ टूटे कप हैं

दीवार पे चढ़े .. तुम्हारे लाये हुए पर्दों में ..सलीखे से रख के ले जाऊंगा

वक़्त कम है ..यादें बटोर नहीं पाउँगा..यहीं छोड़ जाऊंगा

कुछ तो चाहिए जो वापस बुला सके मुझे

कुछ तो ताकत होगी..नर्म शाम ..सख्त दोपहर में

वरना और रखा ही क्या है.. तेरे शहर में !!

Monday, November 26, 2012

फुर्सत की चप्पलें


आज  बड़े  दिनों  बाद  जिंदगी  के  साथ 
मैं  उसकी  बूढी  उंगलियाँ  थाम .. सैर  को  निकल  गया 
पैरो  में  फुर्सत  की  चप्पलें  डाल  ली ,, जो  अब  छोटी  हो  गयी  हैं  जरा 
कभी मेरे  घर  के सभी  लोगो  को  ये  फिट आती  थीं 
और  सहूलियत  के  हिसाब  से .. बदल  के  पहन  ली  जाती  थीं
वक़्त  के  साथ ..पैरो  के  नाप  भी ..बदल  जाया  करते  हैं
हसरतो   के  पाओ ..यूँ भी ..जरा  लम्बे  हुआ  करते  हैं

जिंदगी  रास्ते  भर .. मुझे..  यादो  का  जंगल दिखाती  रही 
कम  होते  जाते .... रिश्तो  के  पेड़  गिनाती  रही ..
कुछ  पेड़ो  पे  संतरे  वाली  टोफियाँ .. चूरन  वाली  गोलियां 
उतनी  ही  सस्ती  झूल  रही  थीं  गोया 
अब  कौन हाथ  बढ़ाये  ,,कौन  उन्हें  तोड़े 
यूँ  भी आजकल जबां को  ..महंगे  जायके  लगे  है थोड़े 
कुछ  खुशियों  के  ..जुगनू  भी  देखे  गए
वैसे  ही  चमकते  .. बुझते  गए
कुछ  दर्द  के  सांप .. चुपके  से ..  दबे  पांव आ  गए
बस  फुन्फ्कारा  और  डरा  गए
पिछली  कई  होलियों  का  गुलाल ..जो  मैंने  नहीं  खेला 
झील  के  ऊपर  .. हरा  हरा  तैर  रहा  था 
दिवाली  के  राकेट  से निकला  पैराशूट 
कुकुरमुत्ता  लिए  घूम  रहा  था 

मेरे  बचपन  का  खजाना ..मेरी  मिटटी  की  गुल्लक 
वहीं  पास  पड़ी  इतरा  रही  थी 
मैंने  फोड़ा  तो  हिसाब  में  ..चंद  रेजगारी  गिना  रही  थी
कई  साल  मैंने  इसमें .. झूटे  सपने  इकट्ठे  किये  थे 
आज  वो  मुझे  ... सपनो  की  expiry बता  रही  थी
एक  पुरानी  टाई ..एक..  टूटी  हुई  बेल्ट 
कुछ  आखिर  तक  चिली  हुई  पेंसिलें 
इकठ्ठा  की  हुई  उनकी  कतरनें 
एक खुशबु वाली रबर  ..पानी की बोतलें 
लंच बॉक्स ..और उसमें बचा हुआ परांठा 
जो लौटते वक़्त बस में खाना था ..
सब इधर उधर बिखरे पड़े थे .
कुछ कार्टूनों के स्टीकर भी थे 
जो अच्छी  जगह चिपकायेंगे सोच के ..चिपकाये ही नहीं 
या .. यूं कह लो की ..
बचपन से खूबसूरत जगह ..फिर मिल पाई नहीं 

आगे बड़ी सी एक चढ़ाई थी 
जहाँ मैंने कभी .. अपने हौसलों की साइकिल चलाई थी 
आज भी लोग मेरे काले हाथ देख के पूछ लिया करते हैं 
कहाँ गिरा के आये हो ..
क्या फिर से ..मुकद्दर की चेन चढ़ाये हो ?

थोडा दूर एक मोहब्बत की टूटी हुई इमारत है 
जिसमें आज भी उसकी आवाज शाम होते ही .. छत पे आ जाया करती है 
उसके सामने  .. अहसास की स्ट्रीट लाइट भी है एक 
जो आज भी उसके नूर से जल जाया करती है 
लोग कहते हैं की वो  .. खँडहर है कोई 
पर मैं गुजरू तो जैसे .. ख्वाबगाह बन जाया करती है 

बहुत  दूर  निकल  आये  आज  तो 
जिंदगी  भी  हाफ़ने  लग  गयी  है
सोचा  की  आगे  बढूँ   ..या  ठहर  जाऊं  यहीं 
लेकिन  कमबख्त  ये 
फुर्सत  की  ..चप्पलें  काटने  लग  गयी  हैं ..

Tuesday, November 20, 2012


एक वक़्त था जब मैं अकड़ के 
छत के किसी कोने से चिपक के 
हवा के गाये  गानों पे 
धीरे धीरे सर हिलाता ..झूमता गाता
दूर से ही दिख जाता ..
गर मैं बिगड़ जाता  
या हवा के साथ  घूम आता कहीं 
पूरा घर करने मे लग जाता सही 
बड़े नाजो से पाला करते थे लोग मुझे 
मैं गुरूर होता था उनका कभी 
दम तोड़ती यादो के साथ मैं भी दम तोड़ रहा हूँ 
मैं कबाड़ की दूकान से ..टूटा हुआ एंटीना बोल रहा हूँ 

Tuesday, November 13, 2012

happy diwali


पूरा मोहल्ला बहुत खूब सजा ...  धू धू  करके जला 
बड़े चिल्लाते रहे .. पटाखे जरा दूर जलाओ 
पर उनकी एक नहीं  चली 
बेईमानी के पैसे से लाया अनार जला 
बेईमानी नहीं जली 
दूर जा चुके बच्चे ..कैसे आते भला 
तत्काल में टिकिट ही नहीं मिली 
पड़ोसियों पे पैसा बढ़ गया है 
शायद इसलिए इस साल ..  दिवाली नहीं मिली 
सोना इतना सस्ता था की भीड़ टूट पड़ी दुकानों पे 
मुझ गरीब को जगह  ही नहीं मिली 
हलवाई ने मिठाई एक से एक बनाई 
सब महँगी थीं  सस्ती एक नहीं मिली 
तरह तरह के गणेश लक्ष्मी 
ऊंची बोली लगाते  मिल जायेंगे अपनी 
मिटटी के भगवानो को .. रोज़ी नहीं मिली 
इतने बल्ब जलाये  लोगो ने .. फिर भी 
कोने में  बैठे दिए को .. रोशनी नहीं मिली 
कुछ रईसों ने एक लंगर भी लगवाया
जिनके पेट भरे थे उन्होंने बहुत खाया 
बस भूखो को ही पूड़ी नहीं मिली 
एक दिन पहले ही मेसेज आ गए थे बधाई के 
बस दिवाली के दिन ही ..  बधाई नहीं मिली .
पिछली दिवाली के बाद इस दिवाली भी ..फ़ोन लगाया था मैंने दोस्त को 
पिछली दिवाली की तरह इस दिवाली भी .. डायल टोन नहीं मिली 
पूरा मोहल्ला बहुत खूब सजा ... धू धू  करके जला 
इक तेरा गुरूर नहीं जला .... इक तेरी याद नहीं जली